बच्चों को मिठाई खिलाकर तिलक लगा कर विद्यालय में स्वागत किया जाएगा
तिल्दा नेवरा। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 2 अगस्त से विद्यालय खोले जाने का आदेश प्राप्त हुआ है ,जिसके अंतर्गत संकुल केंद्र रायखेड़ा का आवश्यक बैठक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन मेंआयोजन किया गया जिसमें शासन से प्राप्त निर्देशों का विभिन्न विद्यालय के शिक्षकों को जानकारी दी गई। संकुल समन्वयक श्री तुलसी राम साहू ने बताया कि सभी निजी एवं शासकीय विद्यालयों में कक्षा एक से पांच एवं कक्षा आठवीं की कक्षाएं दसवीं एवं बारहवीं कक्षा प्रारंभ करने के संबंध में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए संबंधित ग्राम पंचायत तथा स्कूल के पालक समिति की अनुशंसा प्राप्त की जाए। यह कक्षाएं उन्हें क्षेत्रों में प्रारंभ की जाएगी जहां पर कोरोना का पॉजिटिविटी की दर 7 दिनों तक 1% से कम हो। विद्यार्थियों को कक्षाओं में एक दिवस के अंतराल में बुलाया जाएगा ।अर्थात प्रतिदिन केवल आधी संख्या में ही विद्यार्थी बुलाए जाएंगे। किसी भी विद्यार्थी को यदि सर्दी, खांसी, बुखार आदि हो तो उसे कक्षा में नहीं बैठाया जाना है। साथ ही साथ किसी भी विद्यार्थी के लिए उपस्थिति अनिवार्य नहीं होगी। 2 अगस्त को विद्यालय खुलने के समय प्रवेश उत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर विद्यार्थियों को तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर विद्यालय में स्वागत किया जाना है। संकुल समन्वयक श्री साहू जी ने आगे बताया कि मध्यान भोजन संचालन कर्ताओं को भी करौना टीकाकरण अनिवार्य है ,तथा खाना पकाने की सभी बर्तन एवं तेल ,नमक, मसाला सहित खाद्य सामग्रियों के डिब्बों को अच्छी तरह धोकर फ्रेश खाद्य सामग्री रखा जाना है। किसी भी स्थिति में पुराने खाद्य पदार्थों का उपयोग नहीं किया जाना है। साथ ही साथ खाना पकाने के लिए पूर्व से ही इंधन एवं चूल्हा की व्यवस्था कर ली जानी है ।एवं बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए किचन साफ तथा भंडार में खाद्य पदार्थों की सुरक्षा में सावधानी एवं सतर्कता बरतनी चाहिए। मध्यान भोजन के पूर्व बच्चों के साबुन से हाथ धोने के लिए उचित व्यवस्था की जानी है ,तथा सैनिटाइजर को ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण से भंडार गृह में नहीं रखा जाना है। खाना पकाने एवं परोसने के दौरान रसोइयों को पूरे समय मास्क लगाकर रहना है, तथा बच्चों को खाना खिलाने के दौरान आपस में दूरी बनाकर बिठाया जाना है। संचालन कर्ता महिला स्व सहायता समूह के सदस्यों एवं रसोइयों को सर्दी, खांसी ,बुखार या किसी भी प्रकार के अस्वस्थ होने की स्थिति में शाला में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इस अवसर पर श्री गजेंद्र कुमार वर्मा प्रभारी प्राचार्य, जितेंद्र कुमार वर्मा व्याख्याता, तुला राम वर्मा प्रधान पाठक,विष्णु प्रसाद वर्मा प्रधान पाठक, चंद्रकला वर्मा प्रधान पाठक, तारकेश्वर नायक , महेंद्र वर्मा ,केदारनाथ ,दिलीप वर्मा, वेंकटेश्वर प्रसाद ,निक्की अग्रवाल, ज्योति कश्यप ,अन्नू वर्मा सहित काफी संख्या में शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित थे।
